Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलवल, 08 मार्च (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला स्वास्थ्य विभाग और जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में जिला पलवल केमिस्ट एसोसिएशन के सहयोग से पंजाबी धर्मशाला में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर महिला कल्याण एवं उत्थान को समर्पित था और हरियाणा सरकार के पूर्व संसदीय सचिव स्व. मूलचंद मंगला तथा समाजसेवी स्व. संजय अरोड़ा की पुण्य स्मृति में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि स्वरूप आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने मुख्य अतिथि के तौर पर किया।
रक्तदान शिविर में महिलाओं सहित क्षेत्र के अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं आज किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, विज्ञान, खेल, राजनीति, सेना और समाज सेवा सहित हर क्षेत्र में महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
उन्होंने रक्तदान को सबसे बड़ा दान बताते हुए कहा कि रक्तदान एक महान और जीवन बचाने वाला कार्य है। इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो पाता है और कई अनमोल जीवन बचाए जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने और समाज सेवा के कार्यों में आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. प्रशांत गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने रक्तदान शिविर के संचालन और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करते हुए रक्तदाताओं को जागरूक किया और इस मानवीय अभियान को सफल बनाने में विशेष योगदान दिया।
इस दौरान पूर्व विधायक दीपक मंगला, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, मार्केट कमेटी पलवल के अध्यक्ष पंकज विरमानी, एआईओसीडी के वाइस प्रेसिडेंट एवं नॉर्थ जोन के चेयरमैन अशोक सिंगला सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग