Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धमतरी, 08 मार्च (हि.स.)। गंगरेल स्थित आदिशक्ति मां अंगारमोती ट्रस्ट की बैठक रविवार को ट्रस्ट अध्यक्ष जीवराखन मरई की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी चैत्र नवरात्र पर्व की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और विभिन्न समितियों का गठन किया गया।
बैठक में ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं सदस्य माधव ठाकुर, डा एआर ठाकुर, नरोत्तम ठाकुर, ओंकार नेताम, ढालूराम ध्रुव, देवानंद नेताम, उदय नेताम, गणेश्वर ध्रुव, नारायण ध्रुव, ठाकुर राम नेताम, मानसिंह मरकाम, शशि ध्रुव, गीता नेताम, नंदा ध्रुव, अनिता ध्रुव, बुधन्तीन नेताम, अर्जुन कोर्राम, राजेन्द्र ध्रुव, तिजेन्द्र कुंजाम, बंटी मरकाम, दिग्विजय ध्रुव, युवराज ध्रुव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
ट्रस्ट अध्यक्ष जीवराखन मरई ने बताया कि इस वर्ष चैत्र नवरात्र 19 मार्च से प्रारंभ होगा। नवरात्र पर्व के सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक समिति, क्रय समिति, भंडार समिति, जोत समिति, पूजा समिति एवं निगरानी समिति का गठन कर उनके प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। मंदिर परिसर, ज्योति कक्ष, भवन और माता मंदिर की साफ-सफाई तथा रंग-रोगन का कार्य शुरू कर दिया गया है। श्रद्धालुओं द्वारा जोत कलश प्रज्ज्वलन के लिए पंजीयन भी प्रारंभ कर दिया गया है। तेल ज्योति का शुल्क 1201 रुपये तथा घृत ज्योति 1501 रुपये पूर्व की भांति यथावत रखा गया है। इस वर्ष नवरात्र में 4000 ज्योति प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है और 19 मार्च को शाम पांचबजे से ज्योति प्रज्ज्वलन प्रारंभ होगा।
उन्होंने बताया कि माता मंदिर का जीर्णोद्धार कर नए डिज़ाइन में निर्माण कार्य भी किया जा रहा है, जिसका कार्य प्रगति पर है। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं को मंदिर का नया स्वरूप देखने को मिलेगा। नवरात्र में बढ़ती गर्मी और धूप को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। शुद्ध पेयजल, महिलाओं के लिए प्रसाधन, शिशुवती माताओं के लिए शिशुपान कक्ष, विश्राम स्थल, नियमित बिजली-पानी और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं। आदिवासी गोंड समाज के युवा प्रभाग को भी विशेष जिम्मेदारी दी गई है।
युवा प्रभाग नवरात्र के दौरान ज्योति की देखरेख, साफ-सफाई, मंदिर में व्यवस्था बनाए रखने, पार्किंग व्यवस्था, श्रद्धालुओं को पेयजल उपलब्ध कराने, कतारबद्ध दर्शन कराने और भीड़ नियंत्रण जैसे सेवा कार्यों में सहयोग करेंगे। समाज के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के सामाजिक जनों के साथ एक-एक दिन माता दरबार में सेवा देंगे। बैठक के अंत में ट्रस्ट अध्यक्ष ने सभी श्रद्धालुओं, भक्तजनों और दानदाताओं को नवरात्र पर्व पर सपरिवार माता के दर्शन के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि महाष्टमी पूजा के पश्चात प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी विराट भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए सभी से सहयोग की अपील की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा