Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रायगढ़, 08 मार्च (हि.स.)। जिले में फरार आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत कापू पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। जमीन विवाद में मारपीट की घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपित उमेश कुमार नट (48) निवासी ग्राम कण्ड्रजा थाना कापू को पुलिस ने आज रविवार काे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
घटना 10 नवंबर 2025 की है, जब ग्राम कण्ड्रजा विजयनगर पटनापारा निवासी बाबू सिंह उर्फ नान्हू उर्फ पप्पू नट ने थाना कापू में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जमीन के खसरा नंबर 3571/2 को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच आरोपित उमेश नट अपने साथियों के साथ पीड़ित के घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए तलवार, डंडे और हाथ-मुक्कों से पीड़ित व उसके परिजनों के साथ मारपीट की। मामले में थाना कापू में अपराध क्रमांक 190/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी, जिसमें पहले ही तीन आरोपिताें को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था।
थाना प्रभारी कापू उपनिरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपित को उसके गांव से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपित के उड़ीसा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के शहडोल और छत्तीसगढ़ के महासमुंद क्षेत्र में चोरी व उठाईगिरी की वारदातों में संलिप्त होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है, वहीं एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान