Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जबलपुर, 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के रानीताल क्षेत्र में रविवार सुबह भारतीय जनता पार्टी कार्यालय के पास कचरे के ढेर के बीच झाड़ियों में एक अज्ञात महिला की रक्तरंजित लाश बरामद हुई। सूचना मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थानीय नागरिकों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही लार्डगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा किए गए प्रारंभिक निरीक्षण में महिला के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं, जबकि गर्दन और पेट पर धारदार हथियार से हमले के निशान पाए गए हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
पुलिस के अनुसार जिस स्थान पर शव मिला है, वहां अक्सर कचरा डंप किया जाता है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर फेंक दिया गया। मृतिका की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। महिला ने काले रंग का गाउन पहन रखा है और उसके दाहिने हाथ पर गुदना से फूल का निशान बना हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि जब उन्होंने शव देखा तो उसे सूअर नोच रहे थे।
लार्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य ने बताया कि झाड़ियों के बीच से महिला का शव बरामद किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला को वहां तक कौन लेकर आया। फिलहाल पुलिस मृतिका की शिनाख्त और मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक