Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सीहोर, 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इन ग्राम सभाओं में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
ग्राम सभाओं में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन तथा आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही महिलाओं को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज और परिवार के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर