Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 08 मार्च (हि.स.)। विधायक महेश त्रिवेदी हमारे परिवार के सदस्य हैं। आज उनके पुत्र और पुत्रवधू को आशीर्वाद देने के लिए यहां आया हूं।” यह बातें उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहीं। वह रविवार को भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार से मुलाकात कर नवदम्पति को शुभकामनाएं दीं।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि महेश त्रिवेदी से उनका पुराना पारिवारिक और आत्मीय संबंध है। इसी नाते वह विशेष रूप से उनके घर आए हैं। ताकि नवदम्पति को आशीर्वाद दे सकें और परिवार के साथ इस खुशी के मौके को साझा कर सकें। उन्होंने कहा कि ऐसे पारिवारिक अवसर आपसी रिश्तों को और मजबूत बनाते हैं।
इस दौरान क्षेत्र के विकास कार्यों पर संक्षिप्त चर्चा करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि कानपुर दक्षिण में बनने वाला अस्पताल स्वीकृत हो चुका है और इसके लिए आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही अस्पताल को शुरू करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
क्रिकेट को लेकर भी उन्होंने उत्साह जताया। ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला खेला जाना है और उन्हें पूरा विश्वास है कि भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल करेगी और भारत ही विजयी होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप