राज्य स्तरीय तीन दिवसीय यूथ फेस्टिवल सम्पन्न, विधायक केवल सिंह पठानिया ने विजेताओं को किया पुरस्कृत
धर्मशाला, 08 मार्च (हि.स.)। हिमाचल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी कॉलेज (हाइट) शाहपुर में हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय तीन दिवसीय यूथ फेस्टिवल का रविवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर शाहपुर के
यूथ फेस्टिवल में विधायक केवल सिंह पठानिया और अन्य।


धर्मशाला, 08 मार्च (हि.स.)। हिमाचल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी कॉलेज (हाइट) शाहपुर में हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय तीन दिवसीय यूथ फेस्टिवल का रविवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस प्रकार के यूथ फेस्टिवल युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, प्रतिभा और रचनात्मकता को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे आधुनिक तकनीक का सकारात्मक और रचनात्मक उपयोग करें, जिससे वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री के मार्गदर्शन में तकनीकी शिक्षा में नवाचार को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार रोजगारपरक तकनीकी पाठ्यक्रम शुरू करने की पक्षधर है, ताकि युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। तीन दिन तक चले इस राज्य स्तरीय यूथ फेस्टिवल में प्रदेश के लगभग 20 सरकारी एवं निजी तकनीकी कॉलेजों के करीब 600 प्रतिभागियों ने ड्रामा, स्किट, ग्रुप डांस, फ्री-स्टाइल डांस, सोलो सॉन्ग सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में अपनी-अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत भव्य एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया