Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सहरसा, 08 मार्च (हि.स.)। स्थानीय प्रेक्षागृह में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया,जिसमें जिले भर से लगभग 300 जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाने तथा उनके द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करना था।इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण एवं स्थानीय उद्यम के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली दो जीविका दीदियों को सम्मानित किया गया।
बलवा हाट बाजार, सिमरी बख्तियारपुर की वीणा देवी तथा मुरादपुर, नौहट्टा की ललिता देवी को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हे उप विकास आयुक्त गौरव कुमार ने दिया।कार्यक्रम में उपस्थित जीविका दीदियों ने महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की सराहना की।
इस अवसर पर विभिन्न प्रखंडों से आई जीविका दीदियों ने अपने अनुभव भी साझा किए और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में जीविका की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी,जिला कला संस्कृति पदाधिकारी सहित अन्य मौजूद रहें।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार