Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को सदर अस्पताल खूंटी स्थित मातृ एवं शिशु अस्पताल परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ. शोभा किस्पोट्टा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मौके पर सिविल सर्जन (सीएस) डॉ. शोभा किस्पोट्टा ने कहा कि आज की महिलाएं देश के सर्वांगीण विकास में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं न केवल घर और परिवार की जिम्मेदारियां निभा रही हैं, बल्कि सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए देश को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला कार्यक्रम प्रबंधक कानन बाला तिर्की के स्वागत भाषण से हुई। वहीं, उपाधीक्षक डॉ. आनंद किशोर उरांव ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाएं शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं और देश के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं माउंट एवरेस्ट की चोटी तक भी पहुंचकर अपनी क्षमता का परिचय दे रही हैं।
लेबर रूम की इंचार्ज गीता कुमारी ने महिलाओं को मिले अधिकारों का सही उपयोग करने और शिक्षा के माध्यम से समाज व देश को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने टीनएज प्रेग्नेंसी रोकने तथा कम उम्र में शादी जैसी सामाजिक समस्याओं के प्रति भी महिलाओं को जागरूक किया।
जिला डाटा प्रबंधक श्वेता सिंह ने कहा कि महिला परिवार की महत्वपूर्ण आधार होती है। वह घर की जिम्मेदारियों के साथ-साथ कार्यालय का कार्य भी संभालती है और परिवार को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के दौरान प्लान इंडिया, सिनी संस्था, फिया, फैमिली प्लानिंग एसोसिएशन, पिरामल ग्रुप और आईसीएमआर समेत विभिन्न संस्थाओं द्वारा टीकाकरण, परिवार नियोजन, फाइलेरिया, माहवारी स्वच्छता और पोषण से संबंधित विषयों पर टेबल प्रदर्शनी लगाकर उपस्थित महिलाओं को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. उदयन शर्मा ने किया। इस दौरान पांच मरीजों को निश्चय किट का वितरण भी किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा