जल महोत्सव पखवाड़ा का हुआ शुभारंभ
खूंटी, 08 मार्च (हि.स.)। उपायुक्त आर रॉनिटा के निर्देश पर रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर भवन में जिला जल एवं स्वच्छता समिति, जिला समाज कल्याण विभाग एवं जेएसएलपीएस के संयुक्त तत्वावधान जल महोत्सव पखवाड़ा का शुभारंभ उप विकास आयुक्त
जल महोत्सव


खूंटी, 08 मार्च (हि.स.)। उपायुक्त आर रॉनिटा के निर्देश पर रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर भवन में जिला जल एवं स्वच्छता समिति, जिला समाज कल्याण विभाग एवं जेएसएलपीएस के संयुक्त तत्वावधान जल महोत्सव पखवाड़ा का शुभारंभ उप विकास आयुक्त आलोक कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल ने अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। उप विकास आयुक्त ने सभी को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से खूंटी जिले की महिलाओं की ओर से खेल, उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे।

उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की। साथ ही समाज कल्याण विभाग एवं जेएसएलपीएस के माध्यम से महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं का लाभ उठाने तथा इन योजनाओं से जुड़कर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं की प्रशंसा भी की।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त ने जल महोत्सव पखवाड़ा के उद्देश्यों की जानकारी दी और बताया कि जल महोत्सव पखवाड़ा का आयोजन आठ मार्च से 22 मार्च तक किया जाएगा। भारत सरकार की ओर से इस संबंध में तिथिवार कार्यक्रमों के आयोजन का निर्देश प्राप्त हुआ हैं। सभी कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का तिथिवार सफल आयोजन को लेकर उप विकास आयुक्त की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस दौरान जल संरक्षण एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुखिया, जल सहिया, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति, प्रखंड वॉश समन्वयक सहित अन्य को सम्मानित किया गया। साथ ही जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा इस पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष, जिला परिषद उपाध्यक्ष, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा