महिला दिवस पर समाहरणालय में जल महोत्सव पखवाड़ा का शुभारंभ
पूर्वी सिंहभूम, 08 मार्च (हि.स.)। जिला में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर जल महोत्सव पखवाड़ा की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त (डीडीसी) नागेंद्र पासवान और पेयजल ए
उद्घाटन उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान


पूर्वी सिंहभूम, 08 मार्च (हि.स.)। जिला में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर जल महोत्सव पखवाड़ा की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त (डीडीसी) नागेंद्र पासवान और पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर और आदित्यपुर के कार्यपालक अभियंताओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने जल महोत्सव पखवाड़ा के उद्देश्यों और इसके तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा, खेल, उद्योग और प्रशासन सहित अनेक क्षेत्रों में महिलाओं की उपलब्धियां देश को गौरवान्वित कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जल महोत्सव पखवाड़ा का आयोजन ०8 मार्च 2026 से 22 मार्च 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान भारत सरकार के निर्देश पर विभिन्न तिथियों पर जिला, प्रखंड, पंचायत और ग्राम स्तर पर कई कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान पेयजल एवं स्वच्छता के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले मुखिया और जल साहिया को सम्मानित किया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि 22 मार्च 2026 को उत्कृष्ट कार्य करने वाले जल साहिया और मुखिया को उपायुक्त की और से सम्मानित किया जाएगा।

इस मौके पर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर और आदित्यपुर के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, जिला समन्वयक, प्रखंड वॉश समन्वयक, विभिन्न पंचायतों के मुखिया और जल साहिया सहित कई लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक