Enter your Email Address to subscribe to our newsletters



पूर्वी सिंहभूम, 08 मार्च (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा स्थित सीआरपीएफ कैंप में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय कावा के तत्वावधान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ग्रुप केंद्र जमशेदपुर से जुड़ी महिलाओं और महिला कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
समारोह की शुरुआत क्षेत्रीय कावा प्रमुख रेनू सिंह ने दीप प्रज्वलित कर और केक काटकर की।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें संगीत, नृत्य और म्यूजिकल चेयर प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहे। महिलाओं ने हस्तशिल्प के माध्यम से भी अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। कार्यक्रम स्थल पर विशेष प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए गए, जिन्हें लोगों ने काफी सराहा।
माैके पर क्षेत्रीय कावा प्रमुख रेनू सिंह ने समाज के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि नारी स्वयं अर्धनारीश्वर का स्वरूप है और उसके भीतर ईश्वर का वास माना जाता है। उन्होंने कहा कि जब लोग शक्ति की कामना करते हैं तो मां दुर्गा से शक्ति, मां सरस्वती से विद्या और मां लक्ष्मी से धन की प्रार्थना करते हैं। ऐसे में महिला दिवस के अवसर पर यह संकल्प लेना आवश्यक है कि समाज में महिलाओं के सम्मान, गौरव और गरिमा को हमेशा सुरक्षित रखा जाएगा और एक ऐसा समाज बनाया जाएगा जहां महिलाएं सुरक्षित और सम्मानित महसूस करें।
उन्होंने नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में सीआरपीएफ, क्षेत्रीय कावा और ग्रुप केंद्र जमशेदपुर की महिलाओं द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय कावा की सदस्या रोशन बानो ने अपने अथक प्रयासों और क्षेत्रीय कावा जमशेदपुर के सहयोग से कर्नाटक के अर्बन बैंक में नौकरी हासिल कर एक नई मिसाल पेश की है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे परिवार के लिए प्रेरणादायक है और भविष्य में भी सभी को एकजुट होकर महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। हस्तशिल्प प्रतियोगिता में रानी मंडल ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में डॉ. मीना नवीन, सीएमओ ने बाजी मारी।
इस अवसर पर डॉ. उर्मिला गारी (डीआईजी मेडिकल), डॉ. मीना नवीन (सीएमओ), पानमनी (सहायक कमांडेंट), रुखसार राबिया, बबीता बेरा, लता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक