Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 08 मार्च (हि.स.)। अखिल झारखंड शतरंज संघ के संरक्षक सह राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार वर्मा के दिशा-निर्देश में संघ के अध्यक्ष ऋचा संचिता ने सरला बिरला महाविद्यालय परिसर में रविवार को समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रतियोगिता में चैंपियनशिप के विजेता को छह लाख पुरस्कार दिया जाएगा।
बैठक में 11 से 13 मार्च तक आयोजित होने वाली नेशनल रैपिड और नेशनल ब्लिट्ज चेस चैंपियनशिप 2025-26 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर सांसद ने कहा कि प्रतियोगिता का आयोजन अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फिडे) के नियमों के अनुसार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए साढ़े छह लाख रुपये की आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। रैपिड कैटेगरी में 25 खिलाड़ियों को कुल चार लाख रुपये और ब्लिट्ज कैटेगरी में 15 खिलाड़ियों को ढाई लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
संघ के अध्यक्ष ऋचा संचिता और महासचिव नवजोत अलंग ने बताया कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से करीब 450 शीर्ष रैंकिंग प्राप्त खिलाड़ी भाग लेंगे। इनमें 12 ग्रैंडमास्टर, 2 डब्ल्यूजीएम, 24 इंटरनेशनल मास्टर, 1 डब्ल्यूआईएम, 5 एफएम, ०1 डब्ल्यूएफएम और ०6 कैंडिडेट मास्टर रैंक के खिलाड़ी शामिल होंगे।
बैठक में आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई और सभी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गया।
बैठक में कन्वेनर मनीष कुमार, उपाध्यक्ष राजीव चटर्जी, कुणाल अजमानी, मिथिलेश पांडे, ललित बथवाल, सुनील कालरा, विक्रम साबू, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार, इवेंट मैनेजर मृदुल कुमार समेत आयोजन समिति के रंजीत कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar