Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बोकारो, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को बोकारो पुलिस ने नारी शक्ति का संदेश देते हुए विशेष एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और प्रमुख स्थानों पर वाहनों की सघन जांच कर लोगों को सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
इस अभियान में चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी, सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता कुमारी, चास महिला थाना प्रभारी सुनीला लिंडा तथा नगर महिला पुलिस मीरा लकड़ा सहित कई महिला पुलिसकर्मी शामिल रहीं। महिला पुलिसकर्मियों ने नया मोड़ बिरसा चेक पोस्ट, चास चेक पोस्ट समेत अन्य स्थानों पर वाहनों की जांच की।
जांच के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों की विशेष रूप से जांच की गई तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी दी गई। वहीं, हेलमेट पहनकर सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने वाली महिलाओं को महिला पुलिसकर्मियों की ओर से सम्मानित भी किया गया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि महिला दिवस के अवसर पर महिला पुलिसकर्मियों को आगे रखकर यह विशेष जांच अभियान चलाया गया है, ताकि समाज में यह संदेश जाए कि महिलाएं हर क्षेत्र में सशक्त और सक्षम हैं।
उन्होंने बोकारो वासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या पुलिस सहायता की आवश्यकता होने पर तुरंत 112 नंबर पर सूचना दें। उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस का लक्ष्य सेवा ही लक्ष्य है और बोकारो पुलिस हमेशा जनता की सेवा में तत्पर है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार