Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 08 मार्च (हि.स.)। जरियागढ़ थाना क्षेत्र के लापा ग्राम निवासी अमृत आईन्द (65 ) की शनिवार रात्रि कुएं में गिरने से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात किसी कारणवश अमृत आईन्द घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान अंधेरे में संतुलन बिगड़ने से वह घर के पास स्थित कुएं में गिर गए।
रविवार सुबह काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान घर के पास स्थित कुएं में उनका शव दिखाई दिया। ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलने पर रविवार को जरियागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा