Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 08 मार्च (हि.स.)। झारखंड पुलिस के लिए कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान लगातार चुनौती बना हुआ है। विदेश में बैठकर वह झारखंड में अपने गिरोह का संचालन कर रहा है और अपराधियों के जरिए वारदातों को अंजाम दिलवा रहा है।
रांची के एक रेस्त्रां में शनिवार की रात हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी भी प्रिंस खान ने ली है। इसके साथ ही उसने रेस्त्रां संचालक को दोबारा धमकी देते हुए रंगदारी नहीं देने पर बम से हमला कराने की चेतावनी दी है। पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र अंतर्गत लोधमा रोड स्थित कुतियातु चौक के पास बने होटल टीटॉस में शनिवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस घटना में होटल के कर्मचारी मनीष की गोली लगने से मौत हो गई थी।
पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के कुछ घंटे बाद ही रेस्त्रां के संचालक के मोबाइल फोन पर प्रिंस खान का एक ऑडियो मैसेज आया, जिसमें उसने इस गोलीबारी की जिम्मेदारी ली। साथ ही उसने संचालक को धमकी देते हुए कहा कि यदि रंगदारी की रकम नहीं दी गई तो अगली बार उसके घर पर बम से हमला कराया जाएगा।
बताया जाता है कि जिस रेस्त्रां में फायरिंग हुई, उसके मालिक राजकुमार गोप हैं। राजकुमार ने बताया कि पिछले वर्ष 25 दिसंबर को भी प्रिंस खान के नाम पर उनसे एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी थी, जिसके बाद सुरक्षा के लिए उन्हें एक महीने तक बॉडीगार्ड भी दिया गया था। हालांकि कुछ दिन पहले ही सुरक्षा हटा ली गई थी।
राजकुमार के अनुसार, अपराधियों का निशाना वही थे, लेकिन लगातार हुई फायरिंग में उनके रिश्तेदार और होटल कर्मचारी मनीष की मौत हो गई। इस घटना के बाद से उनका पूरा परिवार दहशत में है और सुरक्षा को लेकर चिंता में है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक धनबाद के वासेपुर का कुख्यात अपराधी प्रिंस खान फिलहाल पाकिस्तान में होने की आशंका है, जबकि इससे पहले वह दुबई में छिपा हुआ था। झारखंड पुलिस के प्रयासों के बाद उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया जा चुका है, लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। बताया जाता है कि वह विदेश में रहते हुए ही झारखंड में अपने गैंग के जरिए बड़ी वारदातों को अंजाम दिलवा रहा है।
इधर घटना के बाद होटल संचालक और उनका परिवार पूरी तरह दहशत में है। राजकुमार ने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में ही प्रिंस खान ने ऑडियो संदेश भेजकर उन्हें धमकी दी।
मामले को लेकर पारस राणा, सिटी एसपी रांची ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी धमकी को लेकर मामला दर्ज किया गया था और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे