Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


पलामू, 08 मार्च (हि.स.)। वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने पलामू जिले के नक्सल प्रभावित नौडीहा बाजार प्रखंड क्षेत्र के सरइडीह में रविवार को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की शाखा का उद्घाटन किया। शाखा के उद्घाटन के साथ ही पलामू जिले में एसबीआई की 34 वीं शाखा की शुरुआत हो गई।
उल्लेखनीय है कि एसबीआई शाखा के अभाव में नौडीहा बाजार प्रखंड क्षेत्र के लोगों को 20 किलोमीटर दूर छतरपुर मुख्यालय जाकर अपने बैंकिंग कार्य करना पड़ता था।
मौके पर वित्त मंत्री ने कहा कि नौडीहा बाजार प्रखंड क्षेत्र पलामू जिले का सुदूरवर्ती इलाका है। इस इलाके में कभी माओवादियों की राइफल चमकती थी, लेकिन उनके अथक प्रयास से विकास हो रहा है। एसबीआई शाखा खुलने से इलाके का बैंकिंग सहित अन्य क्षेत्रों का विकास होगा। इससे लोग अपनी बचत कर पाएंगे। किसानों को ऋण सुविधा मिलेगी। युवाओं को पढ़ने के लिए आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
मंत्री किशोर ने कहा कि बैंकिंग सुविधा क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे ऐसी कोशिश करनी होगी। यहां के लोग भोले भाले हैं। उनके साथ पारिवारिक रिश्ता रखना होगा। हर समय यह मदद करेंगे।
यहां एसबीआई शाखा खोलकर बहन बेटियों को महिला दिवस का गिफ्ट दिया गया है। झारखंड में प्रति व्यक्ति आय की दर काफी कम है। ०१ लाख 16000 है, जबकि नौडीहा में 55000 प्रति व्यक्ति आय है। सरकार की महत्वाकांक्षी मंईयां सम्मान योजना का लाभ आसानी तरीके से मिलेगा। क्षेत्र में परिवर्तन होगा। जागरुकता आएगी।
मंत्री ने बताया कि एसबीआई में 5346.71 करोड रुपये जमा है, लेकिन लोन एडवांस एक लाख 3 हजार 10 है। जमा राशि का 60-70 प्रतिशत लोन देना है। लोन एडवांस के आंकड़े को 50 से 55 प्रतिशत करने की आवश्यकता है, जिससे सीडी रेशियो बढ़ेगा।
मौके पर एसबीआई के झारखंड के महाप्रबंधक विवेक चंद्र जायसवाल ने बताया कि सरइडीह में मेट्रो शहर की तर्ज पर एसबीआई की बैंकिंग सुविधा लोगों को दी जाएगी। एक महीने के भीतर एटीएम की भी सेवा शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक फाइनेंशियल लाभ देने के मामले में सबसे आगे है। समाज का महत्वपूर्ण स्तंभ है। यहां के लोगों को अब बैंकिंग सुविधा के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यहां उद्योग को बढ़ावा देने के लिए काफी संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार