Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रामगढ़, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को टाउन हॉल में प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रामगढ़ विधायक ममता देवी, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो, जल जीवन मिशन के अभियान निदेशक शशि रंजन, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अभियान निदेशक मनोहर मरांडी, उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अनुभवी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने उपस्थित लोगों को प्राथमिक उपचार और सीपीआर की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान प्रतिभागियों को प्रैक्टिकल के माध्यम से भी प्रशिक्षण दिया गया, जिससे वे आपातकालीन स्थिति में तुरंत सहायता प्रदान कर सकें।
प्रशिक्षण के दौरान कार्डियक अरेस्ट, चोकिंग, ब्लीडिंग, बर्न, फ्रैक्चर, वज्रपात, डूबना, शॉक, सांप के काटने और सड़क दुर्घटना जैसी आकस्मिक स्वास्थ्य परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार करने के तरीकों की जानकारी दी गई। साथ ही विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें व्यावहारिक तरीके से प्रशिक्षण दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश