राष्ट्रपति का अपमान करने के विरोध में भाजपा ने किया ममता बनर्जी का पुतला दहन
रांची, 08 मार्च (हि.स.)। भाजपा एसटी मोर्चा की ओर से राज्य भर के सभी जिलों में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला दहन कर टीएमसी सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान
पुतला दहन की तस्वीर


रांची, 08 मार्च (हि.स.)। भाजपा एसटी मोर्चा की ओर से राज्य भर के सभी जिलों में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला दहन कर टीएमसी सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान पर टीएमसी सरकार की कड़ी आलोचना की।

भाजपा रांची महानगर एसटी मोर्चा की और से अल्बर्ट एक्का चौक पर ममता बनर्जी का पुतला दहन किया गया। इस अवसर पर एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कहा कि देश की राष्ट्रपति के साथ हुआ व्यवहार बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। यह न केवल देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद का अपमान है, बल्कि पूरे आदिवासी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य भी है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 9 वें अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन में शामिल होने सिलीगुड़ी के फांसीदेवा पहुंची थीं, लेकिन तय प्रोटोकॉल के बावजूद पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से मुख्यमंत्री या कोई मंत्री कार्यक्रम में मौजूद नहीं था। इतना ही नहीं, कार्यक्रम स्थल भी छोटा होने के कारण बड़ी संख्या में लोग सम्मेलन में शामिल नहीं हो सके, जिस पर राष्ट्रपति ने भी नाराजगी जताई।

समीर उरांव ने कहा कि यह घटना टीएमसी सरकार की मानसिकता को दर्शाती है, जो आदिवासी समाज के सम्मान और देश की संवैधानिक मर्यादाओं की लगातार अनदेखी कर रही है। भाजपा इस तरह के अपमान को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी और राज्य सरकार से इस पर जवाब और माफी की मांग करती है।

विरोध प्रदर्शन में आरती कुजूर, अशोक बड़ाइक, रवि मुंडा, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, राजू सिंह, संजय टोप्पो सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे