Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रामगढ़, 08 मार्च (हि.स.)। चैत्र माह में होने वाले प्रमुख हिंदू पर्वों को लेकर तैयारियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में श्री श्री रामनवमी पूजा महासमिति रामगढ़ के अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को सात सूत्री ज्ञापन सौंपकर शहर की मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग की। महासमिति के पदाधिकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि रामनवमी, नवरात्र और चैती छठ जैसे बड़े धार्मिक पर्वों के दौरान शहर में हजारों श्रद्धालु और अखाड़ा दल शोभायात्रा में शामिल होते हैं। ऐसे में प्रशासन की ओर से समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
महासमिति ने प्रशासन से आग्रह किया कि रामनवमी शोभा यात्रा सह झांकी अखाड़ा जुलूस जिन सड़कों से गुजरता है, उन सड़कों का नव निर्माण या मरम्मत जल्द कराई जाए। इसके साथ ही जुलूस मार्गों पर लटके या अव्यवस्थित बिजली के तारों को व्यवस्थित करने की भी मांग की गई, ताकि शोभायात्रा के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि जुलूस मार्गों की समुचित साफ-सफाई कराई जाए और जिन सड़कों से अखाड़ा और झांकी जुलूस गुजरने वाले हैं, वहां से वाहनों को हटाकर सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
महासमिति ने रामनवमी, नवरात्र और चैती छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए पर्व की अवधि में खुले में मांस और मछली की बिक्री पूरी तरह बंद कराने की मांग भी प्रशासन से की।
महासमिति ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि रामनवमी शोभा यात्रा और झांकी जुलूस के दौरान डॉक्टरों की टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।
महासमिति के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने प्रशासन से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द सकारात्मक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में गौतम महतो, शशि शेखर सिंह, तरुण साव और अमित ठाकुर सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश