Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

इंदौर, 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर में छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में रविवार अलसुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का निजी अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हादसा रविवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच सिलावटपुरा स्थित गणेश मंदिर के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तनवीर खान (19) और उसके दोस्त फैजान मंसूरी (22) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को तत्काल उपचार के लिए यूनिक अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान रविवार दोपहर तनवीर खान की मौत हो गई, जबकि फैजान मंसूरी का इलाज जारी है।
परिजनों के मुताबिक सेहरी के समय इलाके में कई युवक बाहर खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वहां से गुजरी और दोनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से गाड़ी सहित फरार हो गया। परिवार ने बताया कि तनवीर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता एक दुकान पर काम करते हैं। वहीं घायल फैजान मंसूरी के पिता गुड्डू मंसूरी इलाके में बेकरी संचालित करते हैं।
सीसीटीवी फुटेज में दिखी स्कॉर्पियो
फैजान के पिता गुड्डू मंसूरी के अनुसार टक्कर मारने वाली स्कॉर्पियो इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस ने फुटेज जब्त कर लिए हैं और उसके आधार पर वाहन व चालक की पहचान कर तलाश शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे