Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जबलपुर, 08 मार्च (हि.स.)। टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत के साथ ही जबलपुर शहर जश्न के रंग में डूब गया। जैसे ही मैच की अंतिम गेंद पर भारत की जीत तय हुई, पूरे शहर में उत्साह की लहर दौड़ पड़ी। लोगों ने घरों से निकलकर सड़कों पर जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया। शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और देर रात तक उत्सव का माहौल बना रहा।
शहर के कई स्थानों पर बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर मैच का लाइव प्रदर्शन किया गया था। लोग परिवार और दोस्तों के साथ इन स्थानों पर मैच देखने पहुंचे थे। जैसे-जैसे मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंचा, दर्शकों की उत्सुकता भी बढ़ती गई। जैसे ही भारत ने अंतिम गेंद पर जीत दर्ज की, लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और चारों तरफ तालियों, नारों और आतिशबाजी की गूंज सुनाई देने लगी।
जीत की घोषणा होते ही युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ सड़कों पर उतर आई। लोगों के हाथों में तिरंगा और भगवा ध्वज लहराते नजर आए। कई जगह बाइक और कार रैलियां भी निकाली गईं, जिनमें युवा देशभक्ति के गीतों के साथ जश्न मनाते दिखाई दिए। शहर के प्रमुख मार्गों पर लोगों ने नाच-गाकर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।
इस दौरान सड़कों पर “भारत माता की जय”, “जय श्री राम” और “हिंदुस्तान जिंदाबाद” जैसे नारों से पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया। कई जगह युवाओं ने पटाखे जलाए और आतिशबाजी कर भारत की ऐतिहासिक जीत का स्वागत किया। शहर के विभिन्न इलाकों में देर रात तक ढोल-नगाड़ों और गीत-संगीत के बीच लोग जीत का जश्न मनाते रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक