Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भागलपुर, 08 मार्च (हि.स.)। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में शामिल लाजपत पार्क की बदहाल स्थिति को लेकर रविवार को नगर विधायक रोहित पांडे ने पार्क का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्क की व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा और लगाए गए उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद विधायक रोहित पांडे ने कहा कि शहर की सुंदरता और पहचान में लाजपत पार्क मैदान की अहम भूमिका है। इसलिए इसे सुसज्जित और व्यवस्थित रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन हजारों की संख्या में शहर वासी सुबह-शाम यहां टहलने और शुद्ध हवा लेने के लिए आते हैं, ऐसे में पार्क की बेहतर देखभाल और रखरखाव सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
विधायक ने पार्क में लगे झूले, जिम उपकरण और अन्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जो भी इक्विपमेंट पार्क में लगाए गए हैं, उनकी सुरक्षा और नियमित मेंटेनेंस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। संबंधित विभाग को इस संबंध में संज्ञान लेने और आवश्यक कदम उठाने को कहा जाएगा।
रोहित पांडे ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही लाजपत पार्क को व्यवस्थित और आकर्षक बनाया जाएगा ताकि यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि पार्क की सुरक्षा, साफ-सफाई और सुविधाओं को लेकर विभागीय स्तर पर विचार-विमर्श कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान शहर के कई गणमान्य लोग, शिक्षाविद, समाजसेवी, चिकित्सक और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। इस मौके पर कुछ लोगों ने विधायक रोहित पांडे का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया और उम्मीद जताई कि उनके प्रयासों से लाजपत पार्क की स्थिति में जल्द सुधार होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर