Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सीवान, 08 मार्च (हि.स.)। सीवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र के उजाय गांव के पूरब स्थित चवर से मानव कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। देर संध्या झाड़ियों के बीच कंकाल मिलने की खबर से ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही दरौंदा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार रविवार किं शाम के समय गांव का एक व्यक्ति मवेशी चराने के लिए चवर की ओर गया था। इसी दौरान झाड़ी के पास उसे छाता, लाठी, मोबाइल और खैनी भरी चुनौटी पड़ी दिखाई दी। शक होने पर उसने गांव लौटकर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आसपास खोजबीन करने लगे। इसी दौरान झाड़ी के अंदर मानव कंकाल दिखाई दिया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष विकास कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने इसकी जानकारी एसडीपीओ अमन तथा एफएसएल टीम को दी। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई हड्डियां, लाठी, कपड़े, खैनी की चुनौटी, मोबाइल और कुछ पैसे को साक्ष्य के रूप में जब्त कर जांच के लिए अपने साथ ले गई।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने बरामद सामान के आधार पर कंकाल की पहचान उजाय गांव निवासी राजेंद्र यादव के रूप में होने की आशंका जताई है। बताया जा रहा है कि राजेंद्र यादव 26 सितंबर 2025 से लापता थे। राजेंद्र यादव के पुत्र राजू यादव ने बताया कि उनके पिता 26 सितंबर 2025 को दिन के करीब 11 बजे भैंस चराने के लिए घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटे। परिवार के लोगों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। अब चवर से उनका मोबाइल, लाठी, छाता और पॉकेट में रखा पैसा मिलने के बाद परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
महाराजगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमन ने बताया कि एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल से सभी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जाएगी। जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। घटनास्थल पर दरौंदा थाना अध्यक्ष विकास कुमार सिंह, एसआई ओम प्रकाश यादव समेत पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma