सोलन में नौणी विश्वविद्यालय की हमीरपुर स्टूडेंट्स एसोसिएशन द्वारा हमीर उत्सव आयोजित
सोलन, 08 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा अधोसंरचना को प्राथमिक स्तर से ही सुदृढ़ बनाकर और युवाओं के लिए स्वरोज़गार के बेहतर अवसर सृजित कर प्रदेश एवं
हमीर उत्सव


सोलन, 08 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा अधोसंरचना को प्राथमिक स्तर से ही सुदृढ़ बनाकर और युवाओं के लिए स्वरोज़गार के बेहतर अवसर सृजित कर प्रदेश एवं युवाओं की आर्थिकी को मज़बूत बनाने के लिए कार्य कर रही है। सुनील शर्मा रविवार को डॉ. वाई.एस. परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी की हमीरपुर स्टूडेंट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित वार्षिक हमीर उत्सव 2026 की अध्यक्षता कर रहे थे।

सुनील शर्मा ने इस अवसर पर उपस्थित छात्रों व अन्य को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण हम सभी का उत्तरदायित्व है।

उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि नशे से दूर रहें और इस बात को समझें कि नशा उनके और उनके परिवार के साथ-साथ समाज को भी खोखला कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र की मज़बूती पर विशेष ध्यान दे रही है। इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान चिकित्सा महाविद्यालय शिमला, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय, टांडा ज़िला कांगड़ा और अटल सुपर स्पेशियलिटी मेडिकल इंस्टीटयूट चमियाना में रॉबोटिक शल्य चिकित्सा आरम्भ कर रोगियों को आधुनिक उपचार दिया जा रहा है। कैंसर जैसे गम्भीर रोग के निदान के लिए पेट स्कैन मशीनें स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार यह प्रयास कर रही है कि ग्राम स्तर तक बेहतर विशेषज्ञ सुविधाएं उपलब्ध हों।उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि सदैव अपने माता-पिता का सम्मान करें, उनके अनुभवों से सीख लें और अपने पारम्परिक मूल्य और ज्ञान को सहेज कर रखें।

सुनील शर्मा ने कहा कि इस उत्सव के आयोजन का मुख्य उद्देश्य हमीरपुर ज़िला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक लोक संगीत और नृत्य कलाओं का संरक्षण एवं प्रदर्शन है। ऐसे आयोजन स्थानीय कलाओं को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाते है। उन्होंने कहा कि वार्षिक उत्सव के आयोजन से स्थानीय कलाओं के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण मंच मिलता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा