Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- बेटियों के सपनों को मिली उड़ान, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मेधावी छात्राएं सम्मानित
- मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थियों को भी सौंपे गए प्रशस्ति पत्र
- 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' योजना के तहत भी दी गई आर्थिक मदद
कानपुर, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर रविवार को शहर की बेटियों के चेहरे मुस्कान से खिल उठे। स्वरुप नगर स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में उन बच्चियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन मुकाम हासिल किया है। इस दौरान न सिर्फ उन्हें 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' योजना के तहत आर्थिक मदद दी गई, बल्कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र सौंपे गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार ने बालिकाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने छात्राओं को पूरी लगन के साथ अपने सपनों को सच करने के लिए प्रेरित किया। वहीं मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने बालिकाओं को अपनी पसंद के हुनर सीखने और अपनी ऊर्जा का सही इस्तेमाल करने की सलाह दी।
--हाथों के हुनर को मिलेगी पहचान
कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण पहल अचिन्त्य फाउंडेशन की निदेशक और समाजसेवी दिशा अरोड़ा की ओर से देखने को मिली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राजकीय बाल गृह की बालिकाओं द्वारा बनाए गए सामान को बाजार तक पहुँचाने में उनकी संस्था पूरा सहयोग करेगी। इससे बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
इस मौके पर राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी, उप निदेशक पुनीत कुमार मिश्र और जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह आदि लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में विभाग में शानदार काम करने वाली महिलाओं को भी उनके योगदान के लिए सराहा गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अजय सिंह