Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

विंटेज कार रैली में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री फरीदाबाद, 08 मार्च (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने विपक्ष को सकारात्मक सोच के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष को केवल आलोचना करने की बजाय देशहित में हो रहे अच्छे कार्यों की सराहना भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अटल बिहारी वाजपेयी से सीख लेनी चाहिए, जिनकी राजनीति में सकारात्मक सोच और राष्ट्रहित सर्वोपरि था।विपुल गोयल गोयल रविवार को फरीदाबाद में एक निजी अस्पताल में आयोजित विंटेज कार रैली कार्यक्रम में शिरकत करने के उपरांत पत्रकारों से रुबरु हो रहे थे। मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का देश और विदेश के लिए जो विजन है, उससे विपक्ष को सीख लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हताश और निराश होकर केवल निंदा करना किसी भी लोकतंत्र के लिए सही नहीं है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इतिहास और विरासत को संजोने पर भी जोर दिया। अगर हम अपने इतिहास, अपनी धरोहर और अपने बुजुर्गों को अच्छे तरीके से संभालकर रखेंगे तो वही भविष्य में भी हमारे लिए गौरव का कारण बनेंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह विंटेज कारों को संभालकर रखना आसान नहीं होता और उनकी देखभाल एक बच्चे की तरह करनी पड़ती है, उसी तरह हमें अपने बुजुर्गों का भी सम्मान और देखभाल करनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने फरीदाबाद के बादशाह खान सिविल अस्पताल को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में अस्पताल को 200 बेड से बढ़ाकर 400 बेड का करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है और जल्द ही यहां हार्ट सेंटर को भी सुचारू रूप से शुरू किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य फरीदाबाद समेत पूरे प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े और उन्हें अपने शहर में ही बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर