Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नवादा,08 मार्च (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं विकास निगम, कला एवं संस्कृति विभाग, जीविका एवं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को डीआरडीए सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का मुख्य विषय “गिव टू गेन” रखा गया है, जिसके माध्यम से समाज में महिलाओं के सशक्तिकरण, सम्मान तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
जनसंपर्क कार्यालय में पदस्थापित महिला कर्मी रजनी कुमारी को भी उनके उत्कृष्ट कार्यो के लिए डीएम ने सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की सहभागिता के बिना देश की सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति संभव नहीं है। महिलाएँ परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। किसी भी विकास योजना और रोजगार व्यवस्था की सफलता महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और रोजगार के क्षेत्र में कई योजनाएँ संचालित की जा रही हैं, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए विभिन्न जिलों, जिनमें नवादा भी शामिल है, में वन स्टॉप सेंटर एवं दीदी अधिकारी केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ महिलाओं को परामर्श, कानूनी सहायता एवं अन्य आवश्यक सहयोग एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाता है।
उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को जिला पदाधिकारी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सामूहिक शपथ दिलवाई गयी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन