ममता सरकार ने अपने व्यवहार से लोकतंत्र की सीमा लांघी : केशव प्रसाद मौर्य
प्रयागराज, 08 मार्च (हि.स)। प्रयागराज आए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता दीदी के नेतृत्व में तृणमूल सरकार का निरंकुश और अराजक आचरण लोकतांत्रिक मर्यादाओं को लगातार तार-तार कर रहा है। घुसपैठियों की राजनीति को संरक्षण द
केशव प्रसाद मौर्य


प्रयागराज, 08 मार्च (हि.स)। प्रयागराज आए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता दीदी के नेतृत्व में तृणमूल सरकार का निरंकुश और अराजक आचरण लोकतांत्रिक मर्यादाओं को लगातार तार-तार कर रहा है। घुसपैठियों की राजनीति को संरक्षण देते-देते यह शासन अब लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति खुले असम्मान का प्रतीक बन गया है।

उन्होंने पश्चिम बंगाल में भारत के राष्ट्रपति का मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा एयरपोर्ट पर स्वागत न किए जाने एवं राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम से दूरी बनाए जाने को लेकर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि तृणमूल सरकार ने अपने व्यवहार से सभी सीमाएं लांघ दी हैं। पहले प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों के प्रति असम्मान और अब आदिवासी समाज से आने वाली राष्ट्रपति का सार्वजनिक अपमान देश के सर्वाेच्च संवैधानिक पद, संविधान की गरिमा तथा समूचे आदिवासी समाज की अस्मिता का घोर अपमान है।

उन्होंने कहा कि भारत के राष्ट्रपति का पद राजनीति से ऊपर है और इसकी गरिमा पूरे राष्ट्र के सम्मान का प्रतीक है। तृणमूल सरकार का यह निरंकुश और असंवैधानिक आचरण लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी मानसिकता को उजागर करता है। लोकतंत्र में विश्वास रखने वाला प्रत्येक नागरिक आज आहत और व्यथित है।

इसके पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का प्रयागराज आगमन पर बमरौली एयरपोर्ट पर स्वागत किया। इस अवसर उन्होंने कार्यकर्ताओं को होली की बधाई दी और कहा कि मां शीतला और महाकाल की कृपा और कार्यकर्ताओं की दुआ से हेलीकॉप्टर दुर्घटना में बाल-बाल बच गये।

मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कौशाम्बी से बमरौली एयरपोर्ट प्रयागराज आए और यहां से लखनऊ की ओर प्रस्थान किए। इस दौरान महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, कमलेश कुमार, राजेश केसरवानी, आशीष गुप्ता, रामलोचन साहू, पारस श्रीवास्तव, राबिन साहू, ज्ञान केसरवानी, दिग्विजय सिंह आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र