Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मंडी, 08 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस में इस्पेक्टर रैंक पर कार्यरत हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के किशोरी लाल शर्मा 31 मार्च 2026 को अपनी सेवनिवृति के बाद अपने पैतृक जिला मंडी के चैलचौक में अपनी स्वर्गीय पत्नी चंद्रकांता शर्मा की यादगार में कैंसर और अन्य जानलेबा बिमारियों से ग्रस्त रोगियों की मदद के लिए सी के मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट संचालित करेंगे। उनकी पत्नी चंद्रकांता शर्मा ने वर्ष नवंबर 2021 कैंसर से जूझते हुए इस नश्वर शरीर को अलबिदा कर दिया था। यह ट्रस्ट मुख्यत स्वास्थ्य , शिक्षा , और पौषाहार के क्षेत्र में कार्य करेगा। ट्रस्ट का मुख्यालयमंडी जिला का चैलचौक होगा जबकि पूरा हिमाचल इसका कार्यक्षेत्र रहेगा। दिल्ली पुलिस में चालीस साल तक नौकरी करने के बाद बह इस इस महीने 31 मार्च को सरकारी सेवा को अलविदा कर देंगे। इस ट्रस्ट का शुभारम्भ नई दिल्ली में पहली अप्रैल 2026 को लोक सभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर करेंगे और इस समारोह की अध्यक्षता दिल्ली की सांसद कमलजीत सहरावत करेंगी। हिमाचल विधान सभा के सदस्य विनोद कुमार, इंद्र सिंह गांधी के अलावा दिल्ली के विधायक इस समारोह में उपस्थित रहेंगे।
भारत की पहली महिला आई पी एस किरण बेदी और दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर नीरज ठाकुर समारोह के विशिस्ट अथिति होंगे। इस समारोह में हिमाचल और दिल्ली की नामचीन हस्तियां भाग लेंगी।
किशोरी लाल शर्मा पिछले कुछ बरसों के दौरान राजीव गांधी कैंसर इंस्टिट्यूट के सीईओ डीएस नेगी के सहयोग से हिमाचल प्रदेश के दूर दराज क्षेत्रों में कैंसर की जांच और जागरूकता के लिए अनेक कैंप लगा चुके हैं । मनिपाल अस्पताल दिल्ली के कैंसर विशेष्ज्ञ डॉक्टर जय गोपाल शर्मा और डॉक्टर पूनम शर्मा ने इस ट्रस्ट के लिए कार्य करने की हामी भरी है ।
किशोरी लाल शर्मा दिल्ली पुलिस में सेवारत के दौरान भी अनेक हिमाचली संस्थाओं से जुड़े रहे और दिल्ली में बसे हिमाचलियों में उनका चेहरा जाना पहचाना है। जबकि उनकी पत्नी स्वर्गीय चंद्रकांता शर्मा हिमाचल मित्र मंडल दिल्ली की संस्थापक अध्यक्ष रही हैं । हालांकि वह दिल्ली में भी पूरी तरह रस बस गए हैं और यहां पर मकान , जायदाद के मालिक हैं। लेकिन रिटायरमेंट के बाद उनकी इच्छा अपने गांव में जाकर अपनी माटी की सेवा करने की हैं। उनका कहना है कि सरकारी सेवानिवृति के बाद उन्हें जो पैसा मिलेगा उसका ज्यादातर हिस्सा बह ट्रस्ट में डाल देंगे।
उनका कहना है की उन्होंने अनेक लोगों से संपर्क किया है। जिन्होंने उन्हें खुले दिल से मदद का भरोसा दिलाया है। किशोरी लाल शर्मा का कहना है की लोग कैंसर के नाम से ही दहशत में आ जाते हैं । जबकि सही समय पर जांच और उपचार शुरू होने से कैंसर का पूरा इलाज संभव है। हालांकि, कैंसर का इलाज महंगा है, लेकिन फिर भी सरकारी और गैर सरकारी संगठन इस इलाज के लिए दिल खोल कर मदद करते हैं । उनका संगठन इस सिलसिले में सरकार के साथ मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा