Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भागलपुर, 08 मार्च (हि.स.)। जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब पीरपैंती-अम्मापाली फोरलेन के पास रेलवे ट्रैक के समीप रविवार को एक युवक का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर आसपास के गांवों में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में मृतक की पहचान ओलापुर निवासी हुकुमचंद मंडल के पुत्र पिंकू मंडल के रूप में की गई।
पहचान होने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव को देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही पीरपैंती थाना की सब इंस्पेक्टर संगम कुमारी अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश की।
मृतक के पिता हुकुमचंद मंडल ने बताया कि उनका बेटा शनिवार की सुबह करीब 10 बजे से ही लापता था। उन्होंने बताया कि सुबह वह उनके साथ ही घर से निकला था लेकिन कुछ देर बाद वह कहां चला गया, इसका कोई पता नहीं चल पाया। काफी खोजबीन की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। रविवार की सुबह अचानक सूचना मिली कि उनके बेटे का शव रेलवे ट्रैक के पास पड़ा हुआ है। परिजन ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। मृतक के परिजन का आरोप है कि पिंकू मंडल की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया है, ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
मृतक के पुत्र नीतीश कुमार ने भी आशंका जताई कि उनके पिता की हत्या कर शव को वहां फेंका गया है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर