Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पानीपत, 08 मार्च (हि.स.)। पानीपत पुलिस टीम ने होली की रात कुटानी रोड न्यू दलबीर नगर में कॉलोनी निवासी ललित की लाठी डंडों से पीट कर हत्या करने के तीन आरोपियों को चौटाला रोड से गिरफ्तार किया।
आरोपियों की पहचान न्यू दलबीर नगर निवासी अजय, कर्ण व सूरज के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में तीनों आरोपियों ने फरार अपने अन्य कई साथियों के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा है।
पूछताछ में आरोपी अजय ने पुलिस को बताया फरवरी 2025 में उसने कॉलोनी निवासी रवि की लड़ाई झगड़े में टांग तोड़ दी थी। आरोपी को संदेह था कि रवि बदला लेना चाहता है और कॉलोनी निवासी ललित से उसकी मुखबरी करवा रहा है। इसी के चलते वह ललित को सबक सिखाने के लिए कई दिन से मौके की फिराक में था। चार मार्च होली के दिन वह घर पर कॉलोनी निवासी साथी आरोपी कर्ण, सूरज, रमन, दानिश व अंजू के साथ बैठकर शराब पी रहा था। तभी उसे पता चला ललित कॉलोनी में आटा मील के पीछे खाली प्लाट में अपने दोस्तों के साथ खड़ा है। तभी आरोपी उक्त साथी आरोपयों के साथ अन्य कई साथियों को साथ लेकर बाइकों से प्लाट में पहुंचे।
उन्हें आते देखकर ललित व उसके साथी भाग लिए। उन्होने पीछा कर ललित को पकड़ा और लाठी डंडों से बेहोश होने तक उसकी पिटाई की। ललित के बेहोश होने पर वे सभी मौके से बाइकों सहित फरार हो गए थे। बाद में ललित की मौत हो गई थी।
पुलिस ने रविवार को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त डंडे, बाइक बरामद करने और वारदात में शामिल फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगा पकड़ने का प्रयास करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा