Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जींद, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस देशभर में महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए रविवार को स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर परिषद जींद द्वारा शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस अवसर पर नगर परिषद जींद की चेयरपर्सन डा. अनुराधा सैनी ने ने मुख्य अतिथि के ताैर पर शिरकत करते हुए हरी झंडी दिखा कर अभियान की शुरुआत की। सफाई अभियान की शुरुआत जींद शहर के पटियाला चौक से की गई।
अभियान के दौरान चेयरपर्सन डा. अनुराधा सैनी ने सफाईकर्मियों के साथ स्वयं सड़कों पर झाडू लगा कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि नगर परिषद जींद द्वारा यह विशेष सफाई अभियान आठ मार्च से 14 मार्च तक चलाया जाएगा। इस दौरान अभी वार्डों में सफाई अभियान के अंतर्गत सफाई की जाएगी। यह कार्यक्रम भारत सरकार द्वार चलाए जा रहे कार्यक्रम नारी लीड्स स्वच्छता के अंतर्गत जींद शहर में इस कार्यक्रम का शुभारंभ डा. अनुराधा सैनी द्वारा किया गया है । 14 मार्च को कार्यक्रम के समापन पर स्वच्छता के क्षेत्र में काम करने वाली महिलाओं को नगर परिषद जींद द्वारा सम्मान दिया जाएगा। कार्यक्रम में सफाई कर्मचारियों का स्वास्थ्य जांच शिविर, क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम, आंगनवाड़ी महिला कार्यकर्ताओं के साथ पूजा, गल्र्स कॉलेज या स्कूल में स्वच्छता कार्यशाला आदि कार्यक्रम नगर परिषद जींद द्वारा डा. अनुराधा सैनी के निर्देश में करवाए जाएंगे। डा. अनुराधा सैनी ने कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को केवल स्वच्छ वातावरण का अधिकार दिलाने तक सीमित नही है बल्कि उन्हें स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए भी सशक्त बनाते हैं। महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह अभियान समाज में नारी शक्ति की भागीदारी, सम्मान और स्वच्छता के प्रति जागरूकता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर उनके साथ उपप्रधान अर्चना कौशिक, उपप्रधान प्रतिनिधि हरीश कौशिक, सफाई अधिकारी नीलम रानी, नगर पार्षद सुनील कुमार विक्की, वार्ड सात से पार्षद प्रतिनिधि सुमन, नगर पार्षद संजय कुमार, वार्ड 6 से मंजू, रीटा धीमान, संजीव चहल, दीक्षांत शर्मा, सुमन, पायल, सुशीला, सुनील, मोनू सहित अनेक महिलाएं मौजूद रही।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा