Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हनुमानगढ़/जयपुर, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हनुमानगढ़ में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि महिलाएं समाज की धुरी हैं और उनके सशक्तीकरण से ही समाज की प्रगति तथा देश का विकास संभव है। उन्होंने आधी आबादी की शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को सबसे अहम बताते हुए महिला अधिकार, सम्मान और समान अवसरों के प्रति जागरूकता का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री हनुमानगढ़ की धान मंडी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सहित सेना और खेल जगत में देश का नाम रोशन करने वाली महिलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बालिकाओं के स्वास्थ्य और शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लाडो प्रोत्साहन योजना पोर्टल लॉन्च किया। इस योजना के तहत बालिकाओं को सात किस्तों में कुल डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। अब तक 6 लाख से अधिक बालिकाएं इस योजना से लाभान्वित हो चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने लाडो प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना और बालिका दूरस्थ शिक्षा योजना के तहत लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से राशि भी हस्तांतरित की। साथ ही पीएम स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना और स्वयं सहायता समूहों को ऋण वितरण के प्रतीकात्मक चेक भी सौंपे गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तीकरण के लिए कई योजनाएं चला रही है। प्रदेश में 16 लाख से अधिक ‘लखपति दीदी’ बनाई जा चुकी हैं और एक लाख 39 हजार स्वयं सहायता समूहों को 679 करोड़ रुपये की आजीविका सहायता प्रदान की गई है। वहीं मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान पेंशन योजना के तहत 19 लाख से अधिक महिलाओं को 6 हजार 876 करोड़ रुपये की पेंशन दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से महिला अत्याचार के मामलों के निस्तारण की औसत अवधि वर्ष 2020 के 128 दिनों से घटकर 52 दिन रह गई है और वर्ष 2023 की तुलना में ऐसे मामलों में करीब 10 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को केंद्र में रखकर कई योजनाएं लागू की गई हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत करोड़ों शौचालयों का निर्माण, उज्ज्वला योजना के माध्यम से गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास योजना में महिलाओं के नाम घर और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए संसद व विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण जैसे कदम महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ जिले में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
उन्होंने बताया कि हनुमानगढ़ में खालों के निर्माण के लिए 500 करोड़ रुपये दिए गए हैं, जिससे किसानों को सिंचाई में बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने महिलाओं से संबंधित योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने एक गर्भवती महिला की गोद भराई कर पोषण किट प्रदान किया तथा छह माह के शिशु का अन्नप्राशन भी कराया। इसके साथ ही दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा की जिम्मेदारी पूरी तरह महिला पुलिसकर्मियों ने संभाली।
इस अवसर पर विधायक जयदीप बिहाणी, गणेशराज बंसल, गुरवीर बराड़, संजीव बेनीवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं व आमजन उपस्थित रहे। विभिन्न जिलों से भी महिलाएं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित