Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धमतरी, 08 मार्च (हि.स.)। घरेलू गैस सिलिंडर के दामों में हालिया बढ़ोतरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने रविवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस मुख्यालय में बड़ी संख्या में एकत्रित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गांधी मैदान पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार के निर्णय के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर के दाम में 60 रुपये और कॉमर्शियल सिलिंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी से आम जनता, खासकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। रसोई गैस आम लोगों की दैनिक आवश्यकता है, लेकिन सरकार की नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। कांग्रेस ने बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता पर यह फैसला “गरीबी में आटा गीला” करने जैसा है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई का सबसे ज्यादा असर महिलाओं और गृहिणियों पर पड़ रहा है, क्योंकि घर का पूरा बजट रसोई से ही शुरू होता है। गैस सिलिंडर की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों की आर्थिक स्थिति को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण लोग फिर से कंडों और लकड़ियों के चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हो रहे हैं।
विधायक ओंकार साहू ने कहा कि जब देश की जनता पहले से ही महंगाई से जूझ रही है, ऐसे समय में सिलिंडर के दाम बढ़ाना जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए आम जनता से पैसा वसूलने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अच्छे दिन का वादा करने वाली सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्र सरकार से गैस सिलिंडर की बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने की मांग की।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, विधायक ओंकार साहू, पूर्व विधायक गुरूमुख सिंह होरा, पूर्व विधायक लेखराम साहू, पूर्व विधायक लक्ष्मी ध्रुव, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष शरद लोहाना, मोहन लालवानी, पूर्व पीसीसी सचिव आनंद पवार, ब्लॉक अध्यक्ष योगेश शर्मा, महिम शुक्ला, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष नरेंद्र सोनवानी, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष राजा देवांगन, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अकाश गोलछा, उपनेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन, विधानसभा अध्यक्ष हितेश गंगवीर, महिला जिला अध्यक्ष अंबिका सिन्हा, श्रीकांत तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा