Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भुवनेश्वर, 08 मार्च (हि.स.)। संबलपुर में एक नए केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना हेल्थ वेलनेस सेंटर की स्थापना के लिए केंद्र सरकार ने सभी आवश्यक अनुमोदन प्रदान कर दिए हैं। यह केंद्र जल्द ही संबलपुर में स्थापित किया जाएगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं संबलपुर के सांसद धर्मेन्द्र प्रधान के अनुरोध के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने उन्हें पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है।
श्री प्रधान ने 8 सितंबर 2025 को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री नड्डा को पत्र लिखकर संबलपुर में सीजीएचएस हेल्थ सेंटर की आवश्यकता के बारे में अवगत कराया था। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया था कि संबलपुर में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल), डाक विभाग, आयकर विभाग, पूर्व तट रेलवे, केंद्रीय उत्पाद शुल्क विभाग, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल ग्रुप सेंटर, इंडियन इन्सीट्यूट आफ मैनेजमेंट संबलपुर और केन्द्रीय विद्यालय संगठन जैसे कई महत्वपूर्ण केंद्रीय संस्थान मौजूद हैं। यहाँ बड़ी संख्या में कार्यरत कर्मचारी और सेवानिवृत्त पेंशनभोगी रहते हैं।
उन्होंने पत्र में यह भी बताया था कि सीजीएचएस सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को उपचार के लिए लगभग 300 किलोमीटर दूर भुवनेश्वर, कटक या ब्रह्मपुर जाना पड़ता है, जिससे विशेष रूप से वरिष्ठ पेंशनभोगियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इस संबंध में जवाब देते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री नड्डा ने पत्र के माध्यम से सूचित किया कि संबलपुर में सीजीएचएस सेंटर की स्थापना के लिए सभी आवश्यक स्वीकृतियाँ मिल चुकी हैं। इस सेंटर के लिए आवश्यक पदों की स्वीकृति तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रस्ताव को वित्त मंत्रालय ने भी मंजूरी दे दी है।
स्वीकृत पदों में मेडिकल ऑफिसर, नर्सिंग ऑफिसर, फार्मासिस्ट और जूनियर हेल्थ एडमिनिस्ट्रेटिव असिस्टेंट शामिल हैं। हालांकि, सेंटर के पूर्ण रूप से कार्यात्मक होने तक पेंशनभोगी निकटतम सीजीएचएस शहरों से चिकित्सा सुविधाएँ प्राप्त कर सकेंगे, जबकि कार्यरत कर्मचारी केंद्रीय सेवा (मेडिकल अटेंडेंस) नियमों के तहत चिकित्सा सुविधा प्राप्त करते रहेंगे।
इस पहल के लिए श्री प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री नड्डा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह कदम केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के जीवन को अधिक सुगम बनाने के साथ-साथ क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो