Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोलकाता, 08 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल पद से इस्तीफा देने के बाद पहली बार डॉ. सी. वी. आनंद बोस ने मीडिया के सामने आकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अपने इस्तीफे के कारण पर टिप्पणी करते हुए कहा कि एक समय रुकना भी पड़ता है।
रविवार को दिल्ली से कोलकाता लौटने के बाद पत्रकारों ने उनसे पूछा कि उन्होंने राज्यपाल पद से इस्तीफा क्यों दिया। इस पर डॉ. बोस ने कहा कि जहां प्रवेश होता है, वहां निकास भी होता है। मैंने यहां राज्यपाल के रूप में 1200 दिन पूरे किए हैं, जिसका मतलब क्रिकेट की भाषा में 12 शतक के बराबर है। यह पर्याप्त है। रुकने का एक समय होता है और मुझे लगा कि इस्तीफा देने का यही सही समय है।
पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल डॉ. सी. वी. आनंद बोस ने कहा, “सच यह है कि मैंने इस्तीफा देने का फैसला पूरी तरह सोच-समझकर लिया है। सही समय आने तक इसके कारणों को सार्वजनिक नहीं किया जाएगा।”
डॉ. बोस ने आगे कहा कि खेल में एक नियम होता है—खिलाड़ी को यह पता होना चाहिए कि खेल कब समाप्त करना है। जब प्रवेश की बात आती है, तब यह भी तय होता है कि एक दिन प्रस्थान होगा। मुझे अपने लिए निर्णय लेने का अवसर मिला और मैंने पद छोड़ने का फैसला किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता