Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पानीपत, 08 मार्च (हि.स.)। पानीपत के पठान मोहल्ले की रहने वाली एक युवती को उसके रिश्तेदार ने सोशल मीडिया द्वारा ब्लैकमेल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर बदनाम करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक अपनी ओछी हरकते दिखाते हुए युवती का रिश्ता तुड़वाने के लिए उसके ससुराल वालों को इंस्टाग्राम पर नकली अकाउंट बनाकर फोटो और वीडियो भेज रहा है। युवती द्वारा विरोध करने पर आरोपी युवती को जान से मारने की धमकी दे रहा है जिसकी शिकायत पीड़िता के पिता ने थाना किला में दर्ज कराई है।
पठान मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति ने रविवार काे पुलिस को बताया कि मुजफ्फरनगर का रहने वाला शुभम उनके परिवार का दूर का रिश्तेदार लगता है। रिश्तेदारों के घर आने-जाने के दौरान शुभम का मिलना जुलना उसकी बेटी से हो गया। जब परिवार को इस बात का पता चला, तो उन्होंने बेटी को समझाया कि शुभम रिश्ते में उसका भाई लगता है और यह सामाजिक रूप से गलत है। परिजनों की बात मानकर युवती ने शुभम से पूरी तरह दूरी बना ली।इसके बाद युवती पिता ने अपनी बेटी का रिश्ता दूसरी जगह तय कर दिया। जैसे ही इसकी भनक शुभम को लगी, वह बौखला गया और युवती को किसी भी हद तक बदनाम करने के तरीके सोचने लगा। और साजिश के तहत आरोपी ने इंस्टाग्राम पर एक नकली अकाउंट बनाकर उस पर उनकी बेटी की फोटो और वीडियो अपलोड कर दी। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने ये फोटो-वीडियो युवती की होने वाली ससुराल वालों को भेज दिए, ताकि उसका रिश्ता टूट जाए। पीड़ित पिता का आरोप है कि शुभम लगातार उनकी बेटी को परेशान कर रहा है और उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। इस प्रताड़ना के कारण उनकी बेटी मानसिक तनाव में आकर परेशान रहने लगी है। परिवार को डर है कि आरोपी अप्रिय घटना को अंजाम न दे दे। किला थाना पुलिस ने शनिवार को बृजेश की शिकायत पर आरोपी शुभम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी के मोबाइल नंबर और इंस्टाग्राम आईडी की जांच में जुट गई है ।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा