भोपाल: मिलन स्वीट्स पर इनकम टैक्स का छापा, टैक्स चोरी की आशंका में टीम ने दस्तावेज खंगाले
भोपाल, 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एमपी नगर स्थित प्रतिष्ठित मिलन स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट पर रविवार सुबह आयकर विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी की। टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ रेस्टोरेंट में दस्तावेजों की जांच शुरू की और संचालक से
मिलन स्वीट्स पर इनकम टैक्स का छापा


भोपाल, 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एमपी नगर स्थित प्रतिष्ठित मिलन स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट पर रविवार सुबह आयकर विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी की। टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ रेस्टोरेंट में दस्तावेजों की जांच शुरू की और संचालक से पूछताछ की। कार्रवाई की खबर लगते ही रेस्टोरेंट परिसर में हड़कंप मच गया और आसपास भारी भीड़ जमा हो गई।

सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई सेल कम दिखाकर कर चोरी की आशंका और वित्तीय दस्तावेजों में अनियमितताओं को लेकर की जा रही है। आयकर विभाग की टीम रेस्टोरेंट के खातों, बिलों और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल कर रही है ताकि संभावित कर चोरी का पता लगाया जा सके।

पांच आउटलेट पर छापेमारी

मिली जानकारी के अनुसार, एमपी नगर समेत भोपाल के पांच मिलन स्वीट्स आउटलेट पर अलग-अलग पांच टीमों द्वारा छापेमारी की जा रही है। सभी आउटलेट्स में दस्तावेजों की जांच के साथ मैनेजिंग टीम से भी पूछताछ की जा रही है। छापेमारी के दौरान गेट के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। अंदर मौजूद लोगों को परिसर से बाहर नहीं आने दिया गया, जिससे आसपास के लोग हैरान रह गए। फिलहाल आयकर विभाग की टीम की कार्रवाई जारी है और छापेमारी पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

गौरतलब है कि जून 2024 में मिलन स्वीट्स में भीषण आग लगी थी। आग पर काबू पाने के लिए दर्जन भर से अधिक दमकल वाहनों को बुलाना पड़ा और करीब तीन घंटे में आग पर काबू पाया गया। इस हादसे में रेस्टोरेंट को भारी नुकसान हुआ था, मिठाइयां और अन्य खाद्य सामग्री जलकर खाक हो गई थी। साथ ही रेस्टोरेंट में रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी नष्ट हो गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे