Enter your Email Address to subscribe to our newsletters



-निशांत कुमार ने ली जदयू की सदस्यता, कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह
पटना, 08 मार्च (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की प्रक्रिया के बीच उनके पुत्र निशांत कुमार ने रविवार को जदयू की औपचारिक सदस्यता ग्रहण कर ली। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में उन्हें सदस्यता पर्ची देकर पार्टी में शामिल कराया।
निशांत कुमार के पार्टी में शामिल होने को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश कार्यालय परिसर जयकारों, ढोल-नगाड़ों और नारों से गूंज उठा तथा कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर नजर आया।
पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद निशांत कुमार ने कहा कि वे अपने पिता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि वे पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार ने पिछले करीब 20 वर्षों में बिहार के विकास और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिन पर पूरे राज्य और देश को गर्व है। उन्होंने संकल्प जताया कि वे इन विकास कार्यों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि आज का दिन पार्टी के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि ई. निशांत भले ही आज औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल हुए हैं, लेकिन जदयू और नीतीश कुमार के विचार और संस्कार उनके व्यक्तित्व में पहले से ही झलकते हैं। उन्होंने निशांत कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, लेसी सिंह, जमा खां, सुनील कुमार और मदन सहनी सहित कई नेता मौजूद रहे।
इसके अलावा राज्यसभा सांसद और झारखंड प्रदेश अध्यक्ष खिरू महतो, सांसद कौशलेन्द्र कुमार, सांसद सुनील कुमार, श्याम रजक, दुलालचंद गोस्वामी, महेश्वर हजारी, मंत्री शीला मंडल, चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी और विधायक दामोदर रावत सहित बड़ी संख्या में सांसद, विधायक, विधान पार्षद और प्रदेशभर से आए वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता कार्यक्रम में उपस्थित रहे।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी