मछली मारने से मना करने पर मुखिया की पिटाई
भागलपुर, 08 मार्च (हि.स.)। जिले के शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र में रविवार को मछली मारने से मना करने पर पंचायत के मुखिया के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा है। मथुरापुर पंचायत के मुखिया मंतोष कुमार महल
मुखिया की पिटाई करते लोग


भागलपुर, 08 मार्च (हि.स.)। जिले के शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र में रविवार को मछली मारने से मना करने पर पंचायत के मुखिया के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा है। मथुरापुर पंचायत के मुखिया मंतोष कुमार महलदार ने शिवनारायणपुर थाना में लिखित आवेदन देकर पांच नामजद सहित दस अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

बताया जा रहा है कि यह घटना शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र के भोरंग पोखर के पास है। पोखर में कुछ लोग मछली मार रहे थे। इसी दौरान मथुरापुर पंचायत के मुखिया मंतोष कुमार महलदार वहां पहुंचे और उन लोगों को मछली मारने से मना किया। आरोप है कि मुखिया की यह बात वहां मौजूद लोगों को नागवार गुजर गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्साए लोगों ने मुखिया को पकड़ लिया और कीचड़ में पटक-पटक कर बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया। बताया जा रहा है कि मारपीट का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोग मुखिया को कीचड़ में गिराकर उनके साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान वहां मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और कुछ लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। जिसके बाद यह वीडियो तेजी से फैलने लगा। घटना के बाद घायल अवस्था में मुखिया मंतोष कुमार महलदार शिवनारायणपुर थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।

उन्होंने थाना में लिखित आवेदन देकर पांच नामजद और दस अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इधर मामले को लेकर शिवनारायणपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि मुखिया की ओर से थाना में लिखित आवेदन दिया गया है। आवेदन के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर