Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अनूपपुर, 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात पशु तस्कर बल्लू उर्फ अब्दुल रहमान को सतना जिले से शनिवार की रात गिरफ्तार कर लिया है। जिसे रविवार को अनूपपुर लाया गया।
ज्ञात हो कि 31 जनवरी 2026 को कोतमा हाईवे जंगल चौकी के पास एक ट्रक से 22 मवेशी (भैंस-पड़ा) बरामद किए गए थे। इसी ट्रक से एक 315 बोर का देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी मिले थे। इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
थाना प्रभारी रत्नाम्बर शुक्ल ने मामले के संबंध में 31 जनवरी 26 को बताया कि कोतमा हाईवे जंगल चौकी के पास ट्रक क्रमांक सीजी 04 एन एक्स 5617 में 22 नग मवेशी भैंस पड़ा जप्त किये गये थे साथ ही ट्रक से 315 बोर का एक देशी कट्टा तथा 02 नग जिन्दा कारतूस भी बरामद किया गया था। प्रकरण में आरोपी उमेश केवट निवासी पुरानी बस्ती कोतमा एवं अंकित द्विवेदी निवासी ग्राम झाली थाना कोठी जिला सतना, वाहन मालिक संजय पटेल उर्फ प्रभु दयाल पटेला गढिया टोला सतना को गिरफ्तार किया जा चुका है। जिसमे लम्बे समय से फरार चल रहे पशु तस्करी के सरगना बल्लू उर्फ अब्दुल रहमान निवासी मवेशी बाजार कोतमा मूल निवासी ग्राम उमरपुर थाना बुढ़ाना जिला मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) को सतना जिले से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी बल्लू उर्फ अब्दुल रहमान के विरूध्द थाना कोतमा एवं अन्य थानों तथा शहडोल जिले में कुल 11 अपराध पशु तस्करी संबंधी तथा अन्य धाराओं के पंजीबध्द हैं । साथ ही उक्त अपराधी का जिला बदर का प्रकरण भी प्रचलन में है ।
कार्यवाही में निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल थाना प्रभारी कोतमा के साथ सउनि सुखीनंद यादव,प्रधान आरक्षक दिनेश राठौर, आरक्षक स्वदेश सिंह , जितेन्द्र मंडलोई , राजेन्द्र अहिरवार (सायबर सेल) एवं नगर रक्षा समिति सदस्य नीरज सोनी शामिल रहें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला