अग्निवीर भर्ती रैली के लिए शहर में बने शेल्टर होम, दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को मिलेगी राहत
बरेली, 08 मार्च (हि.स.) । भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 11 मार्च से जाट रेजीमेंट सेंटर में शुरू होने वाली भर्ती रैली में रूहेलखंड समेत आसपास के करीब दर्जन भर जिलों से हजारों युवाओं क
संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त


बरेली, 08 मार्च (हि.स.) । भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 11 मार्च से जाट रेजीमेंट सेंटर में शुरू होने वाली भर्ती रैली में रूहेलखंड समेत आसपास के करीब दर्जन भर जिलों से हजारों युवाओं के पहुंचने की सम्भावना है। ऐसे में दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को ठहरने में दिक्कत न हो, इसके लिए शहर में स्थायी और अस्थायी शेल्टर होम तैयार किए गए हैं।

नगर निगम की ओर से कई प्रमुख स्थानों पर अस्थायी शेल्टर होम बनाए गए हैं। इनमें बाकरगंज, सैदपुर हॉकिंस, बदायूं रोड, पटेल चौक और चौपुला चौराहा शामिल हैं। इन स्थानों पर अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए अस्थायी व्यवस्था की गई है, ताकि भर्ती में शामिल होने आए युवाओं को रात में रुकने की सुविधा मिल सके।

इसके अलावा शहर के स्थायी शेल्टर होम को भी भर्ती रैली के मद्देनजर तैयार किया गया है। पुराना रोडवेज बस स्टैंड, हरूनगला, छोटी बिहार, सेटेलाइट बस स्टैंड, डेलापीर मंडी और प्रेमनगर क्षेत्र में भी अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। इन स्थानों पर दूर-दराज से आने वाले युवाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराया जाएगा।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। नगर निगम की टीम शेल्टर होम में लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है, ताकि भर्ती रैली के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि शेल्टर होम में अभ्यर्थियों के लिए रजाई-गद्दे, साफ पेयजल और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि भर्ती रैली में आने वाले युवाओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार