पूसीरे के रेसुब का सप्ताहव्यापी अभियान,अपराधी गिरफ्तार, प्रतिबंधित सामान बरामद
गुवाहाटी, 08 मार्च (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) ने 28 फरवरी से 4 मार्च के बीच कई महत्वपूर्ण अभियान चलाकर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान रेसुब कर्मियों ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने
पूसीरे के रेसुब द्वारा बरामद किये गये अवैध शराब


गुवाहाटी, 08 मार्च (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) ने 28 फरवरी से 4 मार्च के बीच कई महत्वपूर्ण अभियान चलाकर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान रेसुब कर्मियों ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ रेल संपत्तियों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई सफल ऑपरेशन किए। इन कार्रवाइयों में अपराधियों की गिरफ्तारी, प्रतिबंधित सामग्री की बरामदगी और असुरक्षित यात्रियों के रेस्क्यू जैसी गतिविधियां शामिल रहीं।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने रविवार को बताया कि इस अवधि के दौरान रेसुब की टीमों ने रेलवे सुरक्षा को प्रभावित करने वाली गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि 2 मार्च को होजाई में रेसुब कर्मियों ने धलपुखुरी और लंका सेक्शन के बीच ट्रेन संख्या 13176 डाउन पर पत्थर फेंकने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

सीपीआरओ ने बताया कि पत्थरबाजी के कारण ट्रेन की खिड़की का शीशा टूट गया, हालांकि इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ। इसी प्रकार 4 मार्च को कामाख्या में रेसुब ने सराईघाट पुल पार करने के बाद ट्रेन संख्या 15946 डाउन पर पत्थरबाजी करने के आरोप में एक अन्य व्यक्ति को पकड़ा। इस घटना में एक यात्री घायल हो गया। दोनों मामलों में रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि रेसुब की टीमों ने प्रतिबंधित सामग्रियों की तस्करी के खिलाफ भी बड़ी सफलता हासिल की। 2 मार्च को न्यू अलीपुरद्वार में रेसुब और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने ट्रेन संख्या 01666 डाउन से लगभग 25.45 लाख रुपये मूल्य का करीब 50.900 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसके अलावा 1 से 4 मार्च के बीच गुवाहाटी, रंगिया, कटिहार, किशनगंज और बारसोई रेलवे स्टेशनों पर अवैध शराब भी बरामद की गई। बरामद सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित उत्पाद (एक्साइज) विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया।

उन्होंने बताया कि प्रवर्तन गतिविधियों के साथ-साथ रेसुब ने मानवीय पहल भी जारी रखी। 2 से 4 मार्च के बीच गुवाहाटी, बदरपुर, लामडिंग और कामाख्या रेलवे स्टेशनों पर कई लापता नाबालिगों और असुरक्षित यात्रियों को सुरक्षित बचाया गया। रेस्क्यू किए गए लोगों को बाद में सुरक्षित रूप से चाइल्डलाइन अधिकारियों या उनके अभिभावकों को सौंप दिया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन कार्रवाइयों से पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे क्षेत्र में यात्रियों की सुरक्षा और रेल संपत्तियों की रक्षा के लिए रेसुब की सतर्कता और सक्रियता का स्पष्ट संकेत मिलता है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रखकर रेलवे परिसरों को सुरक्षित और यात्री-अनुकूल बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय