असम के कछार में 3.25 करोड़ की हेरोइन जब्त, पांच तस्कर गिरफ्तार
सिलचर (असम), 08 मार्च (हि.स.)। असम के कछार जिले में पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 3.25 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त की है। इस दौरान पांच तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से रविवार को दी गई। ज
असमः कछार में 3.25 करोड़ रुपये की हेरोइन समेत गिरफ्तार पांच तस्कर


सिलचर (असम), 08 मार्च (हि.स.)। असम के कछार जिले में पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 3.25 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त की है। इस दौरान पांच तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से रविवार को दी गई।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई शनिवार को सिलचर-कलेन रोड पर की गई। पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर दो वाहनों हुंडई क्रेटा (एएस-01डीआर-7027) और महिंद्रा बोलेरो (एएस-29-9335) को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की गई।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की गई जानकारी में यह भी बताया गया कि पुलिस ने 48 साबुनदानियों में छिपाकर रखी गई कुल 538 ग्राम हेरोइन बरामद की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 3.25 करोड़ रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही आरोपितों के पास से छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस इन मोबाइल फोन के जरिए ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।

असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने इस सफल ऑपरेशन के लिए पुलिस टीम की सराहना की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नशीले पदार्थों के खिलाफ अपनी लड़ाई को और तेज़ करेगी।

पुलिस के अनुसार, राज्य में ड्रग्स के खिलाफ अभियान बिना किसी समझौते के जारी रहेगा और सरकार का लक्ष्य असम को ड्रग्स-मुक्त बनाना है।

बहरहाल, पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय