Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

महिला स्वास्थ्य कर्मी को चलती कार से फेंकने वाला एक आराेपित गिरफ्तार
कांकेर, 08 मार्च (हि.स.)। जिले के कोरर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक महिला को कार में लिफ्ट देने के बाद दो युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की । महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपिताें ने चलती कार से इसे फेंक दिया, जिससे वह घायल हो गई। इसके बाद घायल महिला को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख ने सभी थानों को अलर्ट करते हुए घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस को आज रविवार काे सूचना मिली कि संदिग्ध कार हटकर्रा इलाके में देखी गई है। सूचना के आधार पर पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर कोरर पुलिस ने एक आराेपित को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत महिला अपने इलाज के लिए कांकेर गई थी। शाम को भानुप्रतापपुर लौटने के लिए वह माकड़ी तिराहा पहुंची और किसी वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक ईको कार वहां पहुंची, जिसमें महिला सहित तीन यात्री सवार हो गए। भानुप्रतापपुर से करीब 15 किलोमीटर पहले कार से दो यात्री उतर गए।
इसके बाद महिला को अकेला पाकर चलती कार में सवार दोनों आरोपिताें ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला ने विरोध करते हुए खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपिताें ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बावजूद महिला ने हिम्मत नहीं हारी और शोर मचाने लगी। इस बीच जब कार भानबेड़ा के पास पहुंची तो आरोपिताें ने महिला को चलती कार से नीचे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला को भानबेड़ा के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे