Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रियासी, 08 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिले के पौने बाजार इलाके में चोरों ने देर रात सीसीटीवी कैमरों की लाइन काटकर बीएसएनएल की अंडरग्राउंड केबल चोरी कर ली। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और दूरसंचार सेवाएं भी प्रभावित हो गईं।
पुलिस के अनुसार अज्ञात बदमाशों ने पहले इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की तारें काटकर निगरानी व्यवस्था को बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने जमीन खोदकर हाल ही में बिछाई गई बीएसएनएल की अंडरग्राउंड केबल निकाल ली।
जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने केबल को काटकर उसमें मौजूद तांबा (कॉपर) निकालने के लिए तारों को आग लगा दी। इस कारण हाल ही में तैयार किए गए टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर को काफी नुकसान पहुंचा है और आसपास के कुछ इलाकों में कनेक्टिविटी भी प्रभावित हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बी एसएनएल हाल ही में इलाके में संचार सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए यह अंडरग्राउंड केबल बिछाई थी। ऐसे में केबल चोरी की इस घटना से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बदमाशों ने सोची-समझी साजिश के तहत पहले सीसीटीवी कैमरों को बंद किया और फिर केबल चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस की टीमें मौके पर जांच कर रही हैं और सबूत जुटाए जा रहे हैं, ताकि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता