Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कठुआ, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला सप्ताह के समापन अवसर पर रविवार को सामुदायिक भवन हीरानगर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन कठुआ द्वारा उपायुक्त राजेश शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
हीरानगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजय कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि उप मंडल मजिस्ट्रेट हीरानगर फुलैल सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर तहसीलदार हीरानगर, एडी एम्प्लॉयमेंट, बीएमओ हीरानगर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपमंडल के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें समाज में महिलाओं की भूमिका और योगदान को दर्शाया गया। इन प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। इस मौके पर हाल ही में मुंसिफ जज के रूप में चयनित दीक्षा शर्मा को उनकी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया, जिससे क्षेत्र की युवतियों को प्रेरणा मिलेगी। इसके अलावा विभिन्न विभागों और एनआरएलएम के स्वयं सहायता समूहों द्वारा जागरूकता व प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए गए, जिनमें महिला सशक्तिकरण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने महिलाओं की शिक्षा, सशक्तिकरण और समान अवसरों के महत्व पर जोर देते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया