तामुलपुर में बीटीसी प्रमुख मोहिलारी एवं मंत्री जयंत ने 150 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का किया शिलान्यास
तामुलपुर (असम), 08 मार्च (हि.स.)। तामुलपुर जिले में आज विभिन्न विकास परियोजनाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बोड़ोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) प्रमुख हग्रामा मोहिलारी और राज्य के कैबिनेट एवं अभिभावक मंत्री जयंत मल्लबर
तामुलपुर में बीटीसी प्रमुख हाग्रामा मोहिलारी और मंत्री जयंत मल्लबरूआ ने 150 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का किया शिलान्यास।


तामुलपुर में बीटीसी प्रमुख हाग्रामा मोहिलारी और मंत्री जयंत मल्लबरूआ ने 150 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का किया शिलान्यास।


तामुलपुर (असम), 08 मार्च (हि.स.)। तामुलपुर जिले में आज विभिन्न विकास परियोजनाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बोड़ोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) प्रमुख हग्रामा मोहिलारी और राज्य के कैबिनेट एवं अभिभावक मंत्री जयंत मल्लबरूवा ने भाग लिया। इस दौरान 150 करोड़ रुपये से अधिक लागत की कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।

बीटीसी प्रमुख मोहिलारी सबसे पहले हेलीकॉप्टर से नाग्रीजुली स्थित बरनदी नदी तट पर प्रस्तावित नाग्रीजुली डिग्री कॉलेज के शिलान्यास स्थल पर पहुंचे। हालांकि, कॉलेज की आधारशिला रखने से पहले उन्होंने औबारी मिनी स्टेडियम तथा नावकाटा के शुक्लाई पार्क में पुतला रेल, ओपन जिम, म्यूजिकल फव्वारा सहित विभिन्न सुविधाओं की आधारशिला रखी।

इसके बाद मोहिलारी पुनः नाग्रीजुली पहुंचे और वहां नाग्रीजुली डिग्री कॉलेज का शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने क्षेत्र के विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। सभा के दौरान क्षेत्र के छह धार्मिक संस्थानों को “असम दर्शन” योजना के तहत आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के अगले चरण में गोरेश्वर में प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज का शिलान्यास किया गया। इसके बाद आयोजित जनसभा में विशेष कारणों से मोहिलारी को कोकराझार के लिए प्रस्थान करना पड़ा और कार्यक्रम की जिम्मेदारी कैबिनेट मंत्री जयंत मल्लबरूवा को सौंप दी गई।

जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री जयंत ने राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने सड़कों के निर्माण, डीसी कार्यालय के नए भवन, मेडिकल कॉलेज तथा अरुणोदय योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि गोरेश्वर–बाइहाटा चारिआली मार्ग पर लगभग 136 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण दो से ढाई वर्षों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि औबारी मिनी स्टेडियम के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये तथा शुक्लाई पार्क में पुतला रेलगाड़ी, स्लाइड, ओपन जिम और पानी के फव्वारे जैसी सुविधाओं के विकास के लिए 3 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।

इस अवसर पर असम विधानसभा के अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी, बीटीसी के कार्यकारी सदस्य गणेश कछारी, महेश्वर बसुमतारी और लक्षी दास, तामुलपुर जिला भाजपा अध्यक्ष विक्टर दास, जिला आयुक्त सिमी करण (आईएएस), शिक्षाविद, छात्र-छात्राएं, स्थानीय नागरिक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा