Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

औरैया, 08 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले फफूंद नगर के ऐतिहासिक श्री महावीर धाम मंदिर परिसर में रविवार को गाजे बाजे के साथ श्रीमद् भागवत की कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान भक्तों ने जगह जगह स्वागत कर पुष्प वर्षा की और देवी देवाताओं के गगन भेदी जयकारे लगायें। इस कलश यात्रा के वाद श्रीमद् भागवत कथा शुरु हो गई है।
श्री हनुमंत लाल जी के पावन सानिध्य में आयोजित होने वाले श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ के दौरान भक्तों का सैलाब उमड़ा। धार्मिक अनुष्ठान को लेकर संपूर्ण क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
महावीर धाम स्थित कथा पण्डाल से दोपहर 2 बजे से भव्य कलश यात्रा निकली जिसमे परीक्षित पोथी सिर पर रखकर आगे आगे चल रहे थे और उनके पीछे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं और श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ चल रहे थे तथा युवा वर्ग डी.जे,पर भक्ती गीतो पर थिरक रहे थे। कलश यात्रा में भारी जन सैलाव उमड़ रहा था। कलश यात्रा नगर के टाकीज रोड, कायस्थान, भराव, ऊँचाटीला होकर औरैया फफूद मार्ग पर पहुंची जहाँ से मोतीपुर, ताहरपुर, अछल्दा चौहारा पहुंची। यहां से अस्तल मन्दिर पहुंचने पर पूजा अर्चना के बाद केशरवानी, चमनगंज तिराहा, ख्यालीदास आश्रम पर पहुंची। यहां से वापस आकर महावीर धाम पर पहुंचकर समाप्त हुई।
आयोजन समिति के अनुसार, 9 मार्च सोमवार से मुख्य कथा का वाचन प्रारंभ होगा, जो निरंतर 15 मार्च तक चलेगा। इसके पश्चात 16 मार्च को हवन-पूजन एवं विशाल भंडारे के साथ इस महायज्ञ की पूर्णाहुति होगी।
श्री संकट मोचन मंदिर समिति की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इस कथा आयोजन की विशेषता यह है कि भक्तों को एक ही पंडाल में दो महान कथा व्यासों के मुखारबिंद से ज्ञान अर्जन का अवसर मिलेगा। सुप्रसिद्ध सरस कथा वाचक आचार्य पंडित सत्य किशोर पाण्डेय भागवताचार्य औरैया वाले दोपहर 1 बजे से सायं गोधूलि बेला तक श्रीमद् भागवत महापुराण का रसपान कराएंगे। वहीं, रात्रि 8 बजे से मानस सरस आचार्य पं. रामानुज ब्रह्मचारी जालौन के द्वारा प्रभु श्री राम के पावन चरित्र पर आधारित 'रामकथा' का वाचन किया जाएगा।
समिति के निवेदक मंडल ने क्षेत्र की समस्त मातृशक्ति, संतवृंद और धर्मप्रेमी जनता से विनम्र अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा का रसपान करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार